प्रदेश कार्यसमिति में रक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और जनता तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का दिया संदेश

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोर्चे पर सक्रिय करने का संदेश दिया है। प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को नौ मंत्र देते हुए संगठन की एकजुटता, अनुशासन और जनता से सीधे जुड़ाव को जीत का आधार बताया। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार हिमालय की तरह अडिग है और पार्टी लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में आएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल माध्यमों से जनसंपर्क बढ़ाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और सरकार की उपलब्धियां घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से बचने और विपक्ष के सवालों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने की नसीहत दी।

राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों और सरकार के फैसलों को उपलब्धि बताते हुए समान नागरिक संहिता लागू करने और उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून, औद्योगिक निवेश और रोजगार के प्रयासों को भी सरकार की उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में पर्ची और खर्ची की चर्चा होती थी, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है। धर्मांतरण विरोधी कानून और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण बताते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है।

रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल ने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं। प्रदेश सरकार ने बलिदानी सैनिकों के स्वजन को मिलने वाली सहायता राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की है, जबकि परमवीर चक्र विजेताओं के लिए अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई है। उन्होंने देहरादून में निर्माणाधीन सैन्य धाम को सैनिकों के सम्मान और उनके बलिदान को याद रखने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रहित और जनहित सर्वोपरि हैं। सत्ता रहे या चली जाए, पार्टी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी।

गौरतलब है कि हरिद्वार में 21 और 22 नवंबर को आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में करीब 890 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। बैठक में सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने और सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनआशीर्वाद यात्रा निकालकर सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की तैयारी पर भी जोर दिया गया।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg