हल्द्वानी। गौला बाईपास पर लगातार दूसरे दिन हुए सड़क हादसे ने यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार सुबह इंदिरा नगर रेलवे फाटक के पास स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार की जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर चोटों के चलते घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या यूके 06 बीके 0927 का चालक गौला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कार्पियो से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची बनभूलपुरा पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार, निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से भिजवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि रविवार को भी इसी बाईपास पर सड़क हादसे में दो बच्चों समेत चार लोग घायल हुए थे। लगातार दो दिनों में हुए हादसों के बाद इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और यातायात सुरक्षा के इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।



