लोकगीतों की गूंज और नृत्य की थाप पर तीन रात झूमता रहा खेतीखान का दीप महोत्सव

Spread the love

खेतीखान (चम्पावत)। 27वें दीप महोत्सव खेतीखान की तीन सांस्कृतिक संध्याएं कुमाऊंनी लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य के नाम रहीं। अलग-अलग दिनों में हल्द्वानी, चम्पावत और कुमाऊं के चर्चित कलाकारों ने लोकगीतों, पारंपरिक नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को अपनी संस्कृति से रूबरू कराया। लोकगीतों की धुन पर थिरकते दर्शकों और तालियों की गूंज से तीनों दिन महोत्सव का पंडाल देर रात तक गुलजार रहा।

महोत्सव की एक सांस्कृतिक संध्या में हल्द्वानी की मां बाराही सांस्कृतिक कला समिति ने अपनी प्रस्तुतियों से विशेष छाप छोड़ी। दलनायक रेखा बरंगली और संयोजक गिरीश सिंह के नेतृत्व में संस्कृति विभाग, उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त 20 सदस्यीय दल ने कुमाऊं की लोक परंपराओं को मंच पर जीवंत किया। मां बाराही दर्शन नृत्य, ईश्वर देवस्थली, देणा होया ईवर देवा, ताछुमा-ताछुमा नापेली छपेली नृत्य, बू घाट की रश्मि बगा, झ्यारी नृत्य, कृष्ण नृत्य नाटक और होलिया होली जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया। लोक गायक राहुल भवासी कोटी के झूरी गीतों और हास्य कलाकार हरीश मलकानी की प्रस्तुति ने भी खूब मनोरंजन किया। ढोल, पैड समेत पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर दर्शक झूमते नजर आए।

वहीं, स्टार नाइट में कुमाऊं के लोकप्रिय लोक गायकों ने महोत्सव में संगीत का रंग जमाया। जितेंद्र तोमकियाल, संगीता नेगी बगीचा, बीणा भगत और साक्षी डीपी समेत अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को बांधे रखा। ओ बीणा भगत, ओ रेगोली छा और है हीमा नरसिंह डांडा कापल पाको जैसे चर्चित कुमाऊंनी गीतों पर दर्शक देर रात तक थिरकते रहे।

एक अन्य सांस्कृतिक संध्या में मां सरस्वती कला मंच चम्पावत के कलाकारों ने लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक नृत्य नाटिकाओं के जरिए क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत की। दलनायक प्रियंका राजन और सुरेश राजन के नेतृत्व में हुई प्रस्तुतियों में बेबी हिमानी रौय के नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा।

चार साल की संवृद्धि ने तबले पर बटोरी तालियां

महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। महज चार वर्ष की संवृद्धि भट्ट ने तबला वादन की प्रस्तुति देकर दर्शकों को हैरान कर दिया। इतनी कम उम्र में उसकी लय और ताल की समझ देखकर पंडाल तालियों से गूंज उठा। नन्हीं कलाकार की प्रस्तुति महोत्सव के खास आकर्षणों में शामिल रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष चम्पावत आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर, जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा, गोविंद सिंह बोहरा, दान बिष्ट, दिनेश गहतोड़ी और रोहित राम समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय फर्त्याल, महासचिव यशपाल मनराल, उपाध्यक्ष नीरज बोहरा, विवेक पुजारी, बबलू देव, अशोक राज माहरा, कोषाध्यक्ष नरेंद्र बोहरा, सह कोषाध्यक्ष महेश जोशी, खेल संयोजक आलोक वर्मा, व्यवस्थापक संदीप कलखुड़िया सहित समिति के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने आयोजन में सहभागिता की।