हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में रहने वाले 25 वर्षीय प्रेमी की मौत के बाद उसकी 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की भी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद किशोरी सदमे में थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से करीब आठ-नौ महीने पहले हुई थी।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिलक, रामपुर निवासी 25 वर्षीय विकास वर्तमान में हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में रह रहा था। वह राजमिस्त्री का काम करता था। रविवार को एक निर्माणाधीन मकान में उसकी मौत हो गई थी। बताया गया कि इसी मकान में वह काम कर रहा था।
विकास की मौत से पहले उसकी अपनी नाबालिग परिचित से बातचीत भी हुई थी। सोमवार को जब काठगोदाम क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय किशोरी को विकास की मौत की जानकारी मिली तो वह बेहद तनाव में आ गई। इसके बाद उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक किशोरी मूल रूप से पीलीभीत, उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और हल्द्वानी में रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि किशोरी और विकास की दोस्ती करीब आठ से नौ महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने दोनों घटनाओं को लेकर अलग-अलग स्तर पर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विकास की मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और किशोरी की मौत से पहले उसके साथ क्या घटनाक्रम हुआ।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों, परिजनों से मिली जानकारी और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाओं की वास्तविक वजह के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



