बिहार के सुपौल में 21 वर्षीय दामिनी कुमारी की मौत के मामले में पति संजीव साह पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की पहचान करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। शादी के कुछ समय बाद रिश्ते में विवाद शुरू हो गया और मामला तलाक तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, संजीव तलाक चाहता था, जबकि दामिनी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी विवाद को पुलिस हत्या की कथित वजह के तौर पर जांच रही है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात संजीव दामिनी को सुपौल के रतनपुर थाना क्षेत्र में लालमनपट्टी स्थित नहर के पास ले गया। आरोप है कि वहां उसने दामिनी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से झुलसी दामिनी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने संजीव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पिता कीनू साह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



