कालाढूंगी रोड पर कार सर्विस सेंटर में भड़की आग, स्पेयर पार्ट्स स्टोर से लाउंज तक पहुंचीं लपटें

Spread the love

हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड स्थित ऊंचा पुल के पास रविवार दोपहर एक कार सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते सर्विस सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद लपटें पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर तक पहुंच गईं। हादसे में स्टोर में रखे सामान के साथ लाउंज का सोफा और अन्य फर्नीचर भी जल गया। सेंटर संचालक के अनुसार आग की चपेट में आने से बिलिंग काउंटर में रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी भी राख हो गई।

रविवार दोपहर करीब एक बजे कर्मचारियों ने सेंटर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं तो वहां हड़कंप मच गया। आग फैलती देख तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दो वाटर टेंडर लगाए गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार ने बताया कि दमकल की टीम को मौके पर भेजकर आग बुझाने का प्रयास किया गया।