हल्द्वानी की गल्ला मंडी में डबल मर्डर से दहशत, युवक-युवती के सिर पत्थर से कुचले

Spread the love

हल्द्वानी। शहर की नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब मंडी परिसर में एक युवक और युवती के शव बरामद हुए। अज्ञात बदमाशों ने करीब 22 वर्षीय युवती और 30 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों के सिर बड़े पत्थर से कुचल दिए गए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात किसी गहरी रंजिश या बदले की भावना में अंजाम दी गई है।

घटनास्थल पर जिस पत्थर से हत्या की गई, वह शवों के पास ही पड़ा मिला। पत्थर पर खून के स्पष्ट निशान देखे गए हैं। पत्थर काफी बड़ा और वजनी बताया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने उसे सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया है। शवों की हालत इतनी खराब थी कि चेहरों से पहचान करना संभव नहीं था।

युवक की पहचान, युवती अब भी अज्ञात

मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी जेब से आधार कार्ड मिला, जिसमें जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 अंकित है। आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर पुष्टि की।

वहीं, मृत युवती की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न माध्यमों से उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

एसपी सिटी ने किया निरीक्षण, जांच तेज

डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खुलासे के लिए टीमें गठित

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुबह मंडी चौकी क्षेत्र में दो शव पड़े होने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया दोनों की हत्या पत्थर से कुचलकर की गई है। मृतकों की जेब से कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिनके आधार पर युवक की पहचान हो सकी है। युवती की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।