शाबाश! हारिस रऊफ के 0-6 वाले इशारे पर पाक रक्षा मंत्री का बचकाना बयान

Spread the love

नई दिल्ली। एशिया कप 2025 के सुपर-4 में रविवार को खेले गए भारत-पाकिस्तान मुकाबले ने मैदान के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरीं। भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से मात देकर दूसरी बार शिकस्त दी, लेकिन इस हार के बाद पाकिस्तान की हरकतें और बयानबाज़ी चर्चा का विषय बन गईं।

मैच के दौरान पाकिस्तानी गेंदबाज हारिस रऊफ ने बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग करते हुए भारतीय दर्शकों को भड़काने के लिए हाथ से ‘0-6’ का इशारा किया। माना जा रहा है कि यह इशारा पाकिस्तान द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के 6 लड़ाकू विमानों को गिराने के अपुष्ट दावों से जोड़कर किया गया था।

पाक रक्षा मंत्री का अजीबोगरीब बयान

इस इशारे पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हारिस रऊफ का बचाव करते हुए कहा – “हारिस रऊफ ने सही किया, कम करके रखा। क्रिकेट मैच तो होते रहते हैं लेकिन 0/6 की हार भारत कभी नहीं भुलाएगा और दुनिया भी याद रखेगी।” उन्होंने रऊफ को शाबाशी भी दी।

हालांकि उनका यह बयान सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हो रहा है। तुर्किया उर्दू (@TurkiyeUrdu_) नाम के X हैंडल से बयान साझा होने के बाद पाकिस्तानी ही अपने मंत्री और खिलाड़ियों की आलोचना करने लगे। एक यूजर ने लिखा – “इनकी हरकतों से लग रहा था जैसे मैच खेलने नहीं, मौज-मस्ती करने आए थे।”

साहिबजादा फरहान का ‘गन सेलिब्रेशन’ और झगड़ा भी चर्चा में

मैच में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक लगाने के बाद गन चलाने वाला सेलिब्रेशन किया, जिस पर भी खूब विवाद हुआ।

इसके अलावा 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर शुभमन गिल के शॉट के बाद हारिस रऊफ भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से उलझ पड़े। अंपायर को बीच-बचाव करना पड़ा और मामला शांत कराया गया।