हल्द्वानी। शहर की नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। युवक और युवती की बेरहमी से पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने वाले उनके ही दोस्त निकले। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7:40 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गल्ला मंडी क्षेत्र में एक युवक और युवती के शव खून से लथपथ हालत में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मोबाइल सीडीआर के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच में सामने आया कि मृतक शुभम टम्टा मूल रूप से अल्मोड़ा का निवासी था और हल्द्वानी के डहरिया क्षेत्र में रह रहा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस के अनुसार वह नशे का आदी था।
वहीं मृतका 21 वर्षीय युवती नैनीताल जिले की रहने वाली थी। वह हल्द्वानी में किराए पर रहकर बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और अपने खर्च के लिए मेडिकल स्टोर में नौकरी भी करती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे और अक्सर साथ देखे जाते थे।
पुलिस के अनुसार घटना की रात शुभम, युवती और उनके कुछ दोस्त गल्ला मंडी क्षेत्र में पार्टी करने पहुंचे थे। देर रात सभी ने शराब पी। इसी दौरान पुरानी कहासुनी को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गया। गाली-गलौज और हाथापाई के बाद तीन आरोपियों ने मिलकर पहले शुभम की बेरहमी से पिटाई की और फिर भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। इसके बाद घटना का राज खुलने के डर से युवती को भी पत्थरों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया।
हत्या में प्रयुक्त बड़ा और वजनी पत्थर शवों के पास ही मिला, जिस पर खून के स्पष्ट निशान थे। फॉरेंसिक टीम ने उसे सबूत के तौर पर कब्जे में लिया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25), सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20), दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20) और दीपेश लटवाल उर्फ राज (25) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गौरव नेगी के खिलाफ पहले से मारपीट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपेश लटवाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी। इस दोहरे हत्याकांड से शहर में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

